राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी की 388वीं जन्म जयंती समारोह हेतु बिसाहूलाल सिंह को दिया गया आमंत्रण
अनूपपुर। राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी की 388वीं जन्म जयंती समारोह के अवसर पर आयोजन समिति के प्रतिनिधि मंडल ने मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, वर्तमान विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, अनूपपुर क्षेत्र के विकास पुरुष श्री बिसाहूलाल सिंह से सौजन्य भेंट कर उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का आमंत्रण दिया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों ने श्री सिंह को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया। श्री बिसाहूलाल सिंह ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं तथा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहने की सहमति व्यक्त की।
आयोजन समिति ने बताया कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी की 388वीं जन्म जयंती समारोह का आयोजन 13 अगस्त 2026 को वार्ड क्रमांक 1, सामतपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9:00 बजे सामुदायिक भवन, सामतपुर में ध्वजारोहण के साथ होगी।
इसके उपरांत शाम 4:00 बजे से सामतपुर तालाब प्रांगण में भव्य मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान, वरिष्ठ जनों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान तथा "एक शाम शहीदों के नाम" जैसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।