Saturday, 5 September 2026

ग्राम पंचायत हर्री में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी पर्व

 ग्राम पंचायत हर्री में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी पर्व 

हर्री। ग्राम पंचायत हर्री स्थित गायत्री पूर्व शिशु विद्या मंदिर में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही उत्साह, श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाध्यापक श्री कैलाश दुबे जी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के मनमोहक स्वरूप में सजकर अपनी सुंदर प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों में जन्माष्टमी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं संस्कारों से बच्चों को परिचित कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से यह संकल्प भी व्यक्त किया गया कि भविष्य में बच्चों के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा निखारने एवं उनमें संस्कार और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी।

अंत में विद्यालय परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण से सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य, अच्छी शिक्षा एवं सफलता की मंगलकामना करते हुए भावपूर्ण प्रार्थना की।

जय श्रीकृष्ण 🙏🌸

Thursday, 3 September 2026

राठौर समाज सामतपुर को मिला नया नेतृत्व, लालजी राठौर निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

राठौर समाज सामतपुर का शांतिपूर्ण पुनर्गठन सम्पन्न

“राठौर समाज सामतपुर को मिला नया नेतृत्व, लालजी राठौर निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित”


अनूपपुर/सामतपुर। राठौर समाज सामतपुर का पुनर्गठन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समाजबंधुओं की उपस्थिति में आपसी सहमति से नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। लालजी राठौर जी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

नवीन कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर रामप्यारे राठौर , समयलाल राठौर , शिवकुमार राठौर एवं संजय राठौर का चयन किया गया। वहीं महासचिव पद पर दुर्गेश राठौर , सहसचिव पद पर बृजेश राठौर जी तथा कोषाध्यक्ष पद पर वेदराम राठौर को जिम्मेदारी सौंपी गई।

अध्यक्ष पद पर श्री लालजी राठौर के निर्विरोध चयन के बाद समाजबंधुओं ने उन्हें एवं पूरी नवीन कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समाजजनों ने उम्मीद जताई कि नवीन नेतृत्व समाज में एकता, भाईचारे और संगठन को मजबूत करने के साथ सामाजिक उत्थान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा।

इस अवसर पर समाजबंधुओं ने नवीन नेतृत्व को पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा समाजहित में मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Tuesday, 1 September 2026

प्रशासन की बारिश में सावधानी बरतने की अपील के बीच नौनिहालों की सुरक्षा पर सवाल

प्रशासन की बारिश में सावधानी बरतने की अपील के बीच नौनिहालों की सुरक्षा पर सवाल
जर्जर विद्यालय भवनों और जोखिम भरे रास्तों के बीच बच्चों को स्कूल भेजना कितना सुरक्षित?कन्हैयालाल मिश्र
अनूपपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजन से पुल-पुलियों, रपटों, नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से लोगों से तेज बहाव वाले स्थानों को पार नहीं करने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। ऐसे में विद्यालय जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भगवा पार्टी भारतीय गणवर्ता पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्र ने जिला प्रशासन की बारिश को लेकर जारी चेतावनी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रशासन स्वयं आम नागरिकों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है, तो फिर जिले के नन्हे-मुन्ने बच्चों की सुरक्षा के संबंध में क्या ठोस व्यवस्था की गई है? ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक बच्चे ऐसे हैं जिन्हें बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों, पुल-पुलियों और नदी-नालों के आसपास से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है।
मिश्र ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। जिले में कई विद्यालय भवनों की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। जर्जर भवनों, टपकती छतों और बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली अन्य समस्याओं के बीच बच्चों की पढ़ाई किस प्रकार सुरक्षित वातावरण में संचालित हो रही है, इसकी जिला प्रशासन को गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शिक्षा विभाग ने जिले के सभी विद्यालय भवनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी जिला प्रशासन को दी है? यदि दी है तो जर्जर भवनों को लेकर अब तक क्या कार्रवाई की गई? और यदि जानकारी नहीं दी गई है तो यह शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही है।
कन्हैयालाल मिश्र ने कहा कि केवल आमजन को सावधान रहने की अपील जारी करना पर्याप्त नहीं है। प्रशासन को विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन कराना चाहिए। जिन विद्यालय भवनों में बच्चों के बैठने में खतरा है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही बारिश के कारण जोखिम वाले मार्गों की पहचान कर बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालय भवनों का बारिश के मद्देनजर निरीक्षण कराया जाए तथा अत्यधिक जर्जर भवनों में बच्चों की कक्षाएं संचालित नहीं की जाएं। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में परिस्थितियों के अनुसार विद्यालयों में अवकाश अथवा वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था पर निर्णय लिया जाए।
मिश्र ने कहा कि एक ओर प्रशासन का संदेश है,‘बारिश में सतर्क रहें, सावधान रहें’, वहीं दूसरी ओर यदि नौनिहालों को असुरक्षित भवनों और जोखिम भरे रास्तों से होकर विद्यालय जाना पड़ रहा है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। जिला प्रशासन को इस मामले में शिक्षा विभाग से जवाब लेकर बच्चों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

ग्राम पंचायत हर्री में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी पर्व

  ग्राम पंचायत हर्री में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी पर्व  हर्री। ग्राम पंचायत हर्री स्थित गायत्री पूर्व शिशु विद्या ...