अनूपपुर |
कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने अमरकंटक रोड स्थित प्रोक्टर एंड गैम्बल (P&G) कंपनी के गोदाम में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए कंपनी के ही एक डिस्ट्रीब्यूटर सेल्स एग्जीक्यूटिव सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
दिनांक 8-9 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने गोदाम के पीछे के दरवाजे के पास दीवार तोड़कर कुंदा उखाड़ा और गोदाम में रखे सेविंग ब्लेड, शैम्पू, विक्स, वाशिंग पाउडर व लिक्विड, पेम्पर्स, विस्पर पैड, टूथब्रश सहित विभिन्न उत्पादों से भरे कार्टून चोरी कर लिए थे।
इस संबंध में टच स्टोन सर्विसेस प्रायवेट लिमिटेड के अनूपपुर ब्रांच इंचार्ज रामनारायण गुप्ता द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
टीमवर्क से खुला मामला
टीआई अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर कड़ी मेहनत के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में—
अंजनी कुमार दुबे (29 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03, अनूपपुर
अंकित द्विवेदी (31 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13, अनूपपुर
शिवांशु अवधिया (25 वर्ष), निवासी कोतमा
मानस सिंह (22 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 14, अनूपपुर
शामिल हैं।
कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया कि इस चोरी का मास्टरमाइंड अंजनी कुमार दुबे था, जो बीते दो वर्षों से टच स्टोन सर्विसेस प्रायवेट लिमिटेड में डिस्ट्रीब्यूटर सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और चोरी किए गए माल को अनूपपुर में रामजानकी मंदिर के पास किराये की दुकान में छिपाकर रखा था। आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर किराये के मकान से चोरी गया पूरी खेप बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
इस बड़ी नकबजनी का सफल खुलासा करने, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और लाखों का माल बरामद करने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा टीआई अरविंद जैन एवं उनकी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
No comments:
Post a Comment